डूंगरपुर में भाजपा ने पंचायतीराज चुनाव 2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नए जिला कार्यालय में 14 पंचायत समितियों और 37 जिला परिषद वार्डों के प्रभारी-संयोजकों की बैठक हुई। इसमें प्रत्याशी चयन, बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। पार्टी ने 7 अक्टूबर तक हर वार्ड से तीन-तीन प्रत्याशियों का पैनल मांगा है। निष्ठा, सक्रियता, संगठन से जुड़ाव और स्थानीय स्वीकार्यता को प्राथमिकता मिलेगी। लक्ष्य जिला प्रमुख और सभी पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान बनाना है। कार्यकर्ताओं से संगठन हित को व्यक्तिगत हितों से ऊपर रखने को कहा गया। बैठक में जिला प्रभारी लाभचंद पटेल, संगठन प्रभारी वीरेंद्र सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली, सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, पूर्व सांसद कनकमल कटारा, पूर्व विधायक अनीता कटारा, पूर्व विधायक गोपीचंद मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष गुरुप्रसाद पटेल, वेलजी पटेल और किसान मोर्चा मंत्री बंशीलाल कटारा सहित कई नेता मौजूद थे। संचालन जिला महामंत्री सुरमाल परमार, पंकज जैन और ईश्वरलाल लबाना ने किया। बूथ से लेकर वार्ड तक चुनावी मैनेजमेंट बैठक में बूथ संरचना मजबूत करने, बूथ अध्यक्षों को सक्रिय करने और प्रत्येक बूथ पर संगठन की गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया गया। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और लाभार्थियों से संपर्क करने की कार्ययोजना पर भी चर्चा हुई। जिला परिषद वार्ड स्तर पर चुनाव कार्यालय स्थापित करने और चुनाव प्रबंधन समितियां गठित करने को लेकर भी निर्देश दिए गए। प्रभारी-संयोजकों को स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर जिम्मेदारियां समय पर तय करने को कहा गया।