डूंगरपुर कलेक्टर देशलदान ने बुधवार को बिछीवाड़ा इलाके का दौरा कर उपखंड कार्यालय, वीरबाला कालीबाई राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयों की व्यवस्थाएं देखने के साथ विभिन्न विभागों में चल रहे कामों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। सीएचसी के औचक निरीक्षण में कलेक्टर ने आईपीडी-ओपीडी, दवाइयों का स्टॉक, डॉक्टर-कर्मचारियों की हाजिरी, टीबी मरीजों की पहचान और विभिन्न चिकित्सा कक्षों की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उपखंड कार्यालय में राजस्व कामकाज की समीक्षा उपखंड कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी शाहीन अंजुम ने कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों और क्षेत्र के विभिन्न विभागों में तैनात कर्मचारियों की जानकारी कलेक्टर को दी। इसके बाद कलेक्टर ने पटवारियों के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने खसरा संबंधी काम, फार्मर आईडी रजिस्ट्रेशन, नामांतरण और आईएलआर से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने राजस्व से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। छात्रावास में व्यवस्थाओं का लिया जायजा इसके बाद कलेक्टर ने वीरबाला कालीबाई राजकीय जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली और वहां की स्थिति का जायजा लिया। सीएचसी में दवा स्टॉक और हाजिरी रजिस्टर जांचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अचानक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आईपीडी और ओपीडी में मरीजों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए उपलब्ध दवाइयों का स्टॉक भी देखा। साथ ही डॉक्टरों और कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर की जांच की। विभिन्न चिकित्सा कक्षों का निरीक्षण कलेक्टर ने सीएचसी में दंत रोग विभाग, आयुष कक्ष, एमओटी कक्ष, ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, प्रसूति कक्ष और टीकाकरण कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने टीबी मरीजों की पहचान और उनके लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। ये अधिकारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान एसडीएम शाहीन अंजुम, तहसीलदार माधवलाल सरपोटा, बीसीएमओ डॉ. नितेश डेंडोर, डॉ. रामकृष्ण, डॉ. रोहित शर्मा और बीपीएम लोकेश पवार समेत कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।