कांग्रेस ने मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ डूंगरपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। गांधी आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय से निकली रैली कलेक्ट्री पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस विधायक एवं जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्री गेट के सामने लगी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर 'वोट चोरी' का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने और इस्तीफे की मांग की। ढोल-कुंडी के साथ निकली रैली कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांधी आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद ढोल-कुंडी बजाते हुए और हाथों में कांग्रेस के झंडे लेकर रैली निकाली गई। कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्री पहुंचे। रैली के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त का कटआउट भी साथ रखा गया। कलेक्ट्री गेट पर दो स्तर की बैरिकेडिंग प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्री का मुख्य गेट बंद कर पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कलेक्ट्री गेट के आगे दो स्तर पर बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस विधायक एवं जिलाध्यक्ष गणेश घोघरा अपने समर्थकों के साथ बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने भी बैरिकेडिंग तोड़ने और उसके ऊपर चढ़ने का प्रयास किया। पुलिस से धक्का-मुक्की, काफी देर चला हंगामा पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग से आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। काफी देर तक कलेक्ट्री गेट पर हंगामे की स्थिति बनी रही। बाद में विधायक गणेश घोघरा बैरिकेडिंग से नीचे उतरे और प्रदर्शन जारी रहा। विधायक बोले- 'मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के एजेंट की तरह कर रहे वोट चोरी' प्रदर्शन के दौरान विधायक गणेश घोघरा ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के एजेंट की तरह वोट चोरी कर रहे हैं। घोघरा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में निकाय चुनाव के दौरान कांग्रेस के पार्षदों को डराया-धमकाया गया। जो लोग नहीं डरे, उन्हें खरीदने का प्रयास किया गया। डूंगरपुर में नामांकन को लेकर भी लगाए आरोप विधायक ने कहा कि डूंगरपुर में भी कांग्रेस के एक प्रत्याशी का नामांकन खारिज कर दिया गया, जबकि दूसरे प्रत्याशी से नामांकन वापस करवाया गया। कांग्रेस ने इन घटनाओं का हवाला देते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने और उनके इस्तीफे की मांग रखी।