डूंगरपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के हालिया बयान पर कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के बाहर राठौड़ का पुतला फूंका और नारेबाजी की। राठौड़ के बयान को देश विरोधी और गलत बताया। डूंगरपुर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और विधायक गणेश घोगरा ने कहा कि राठौड़ के बयान से भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की असली सोच सामने आ गई है। उन्होंने कहा कि राठौड़ ने बयान दिया है कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो वे पाकिस्तान का साथ देंगे। घोगरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ राम के नाम पर राजनीति करती है और सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश के भाईचारे को खत्म कर समाज को बांटना चाहती है। इसके उलट, कांग्रेस सभी जातियों, धर्मों और 36 कौमों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है। गणेश घोगरा ने कहा कि आने वाले चुनावों में जनता भाजपा के झूठ और नीतियों को नकार कर उन्हें जवाब देगी।