डूंगरपुर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार को जिले में स्कूलों और दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की। जांच के दौरान नवाडेरा स्थित पाटीदार किराना स्टोर पर खाद्य लाइसेंस नहीं मिला और दुकान में घी, हल्दी, धनिया पाउडर व मिर्च पाउडर सहित करीब 16 किलो एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। विभाग की टीम ने एक्सपायरी सामान को नष्ट करवाया। साथ ही काजू और बेसन के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। नमकीन भंडार से रसगुल्ले का सैंपल लिया खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल परमार और राकेश पुष्करणा ने स्कूलों के आसपास संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान करणी बीकानेरी नमकीन भंडार से रसगुल्ले का नमूना लिया गया। टीम ने दुकान संचालक को परिसर में साफ-सफाई रखने, पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था करने, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड संधारित करने और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। स्कूलों में विद्यार्थियों को किया जागरूक सीएमएचओ डॉ. अलंकार गुप्ता ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने जिले के विभिन्न स्कूलों में जागरूकता सत्र भी आयोजित किए। इनमें गुरुकुल स्कूल सरोदा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केसरपुर सागवाड़ा और रमाकुंवर सीनियर सेकेंडरी स्कूल डूंगरपुर शामिल रहे। नमक, तेल और चीनी का कम उपयोग करने की सलाह जागरूकता सत्रों में विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और पौष्टिक भोजन के महत्व के बारे में बताया गया। बच्चों को भोजन में नमक, तेल और चीनी का कम उपयोग करने की सलाह दी गई। वहीं, स्कूल प्रबंधन को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और परिसर में स्वच्छ खाद्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।