डूंगरपुर के दौवड़ा वन विभाग क्षेत्र के दामड़ी के नालफला बामणिया तालाब इलाके में करीब एक महीने से एक लेपर्ड घूम रहा था। इससे ग्रामीणों में डर का माहौल था। वन विभाग की टीम ने अब इस लेपर्ड का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया है। ग्रामीणों की सूचना और उनके सहयोग के बाद वन विभाग ने लेपर्ड को पकड़ने का अभियान शुरू किया। डीएफओ के निर्देश पर आतरी वन रेंज के रेंजर तेज सिंह चौहान ने एक टीम बनाई। टीम ने लेपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए। साथ ही, इलाके में पगमार्गों की निगरानी की और लेपर्ड के आने-जाने की जगहें पहचानीं। इन जगहों पर पिंजरे लगाए गए और लगातार निगरानी रखी गई। रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा कई कोशिशों के बाद लेपर्ड को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लेपर्ड को सुरक्षित जगह पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया है। इससे दामड़ी और आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस रेस्क्यू अभियान में पंचायत समिति सदस्य सुरमाल परमार, हिम्मत सिंह और दामड़ी के ग्रामीण भी शामिल थे। वन विभाग की ओर से रेंजर तेज सिंह चौहान, चंद्रवीर सिंह, वनपाल हर्षवर्धन सिंह, पिंटू यादव, हरिओम सिंह, नाथूराम रोत और अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।