डूंगरपुर नगर परिषद चुनाव खत्म होने के साथ ही भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी बाड़ेबंदी में पहुंच गए है। कांग्रेस के 38 और भाजपा के 40 प्रत्याशियों को बसों से बाड़ेबंदी कर जिले से बाहर लेकर रवाना हो गए। कांग्रेस प्रत्याशियों को उदयपुर और भाजपा प्रत्याशियों को माउंट आबू के पास किसी रिसॉर्ट में रखने की सूचना है। डूंगरपुर नगर परिषद चुनावों की गणना 14 सितम्बर को होगी। जबकि सभापति के चुनाव 21 सितम्बर और उपसभापति के चुनाव 22 सितम्बर को होंगे। बुधवार को मतदान खत्म होने के बाद प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू हो गई। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशियों को चुनाव खत्म होने के बैग पैक रखने के निर्देश दे दिए थे। ऐसे में कार्यकर्ताओं ने एक दिन पहले ही अपने बैग में कपड़े और जरूरी सामान को पैक कर दिया था। बसों में बैठाकर किया रवाना शाम 6 बजे जैसे ही मतदान खत्म हुआ और ईवीएम मशीनें सील होने के बाद रवाना हुई। वैसे ही प्रत्याशी भी अपने बैग लेकर पार्टी के बुलावे वाली जगह पर पहुंच गए। कांग्रेस प्रत्याशी पार्टी के चुनाव कार्यालय के पास इकट्ठे हुए। जबकि भाजपा के सभी प्रत्याशी देर रात को तिजवड़ भाजपा कार्यालय पर पहुंच गए। इसके बाद सभी प्रत्याशियों को बसों में बैठाकर रवाना कर दिया। कांग्रेस के 38 प्रत्याशी बाड़ेबंदी में है। जबकि भाजपा के 2 निर्विरोध प्रत्याशियों के साथ ही कुल 40 प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में रखा गया है। वही बाड़ेबंदी से पहले कई प्रत्याशियों ने अपने वार्ड के प्रत्याशियों का आभार जताते हुए आखरी पोस्ट किया। इसके बाद सभी बसों से जिले से बाहर चले गए। इसमें कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रत्याशियों के उदयपुर के एक रिसोर्ट में रुकवाया गया है। जबकि भाजपा प्रत्याशियों के माउंट आबू के पास ही किसी रिसॉर्ट में ठहरने की सूचना है।