डूंगरपुर जिले में नेशनल हाईवे- 48 पर एसिड से भरा टैंकर पलट गया। हादसे के बाद टैंकर में आग लग गई और ड्राइवर जिंदा जल गया। जबकि एक अन्य युवक बुरी तरह से झुलस गया। हादसे के बाद हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया। हादसा बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में रविवार शाम 4 बजे गोगा फला के पास नेशनल हाईवे पर हुआ। सूचना मिलते ही डूंगरपुर से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को सड़क से हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। मृत ड्राइवर की पहचान राजाराम चौहान (26) के रूप में हुई। घायल युवक जगदीश मौर्य (18) है। दोनों मध्यप्रदेश के धार जिले के पूरा टांडा गांव के रहने वाले हैं। बड़ौदा से यूपी जा रहा था टैंकर बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया- एसिड से भरा टैंकर बड़ौदा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। गोगा फला के पास टैंकर बेकाबू होकर पलट गया और टैंकर में आग लग गई। हादसे के दौरान ड्राइवर राजाराम चौहान टैंकर के अंदर फंस गया। आग की चपेट में आने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और जिंदा जल गया। वहीं, उसका हेल्पर भांजा जगदीश मौर्य हादसे के बाद टैंकर से बाहर निकल आया, जिससे उसकी जान बच गई।