डूंगरपुर जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की है। आबकारी निरीक्षक राहुल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने एनएच'48 पर बरौठी के पास अवैध शराब से भरी एक कार जब्त की। इस कार से करीब 5 लाख रुपए की अवैध शराब बरामद हुई है। हालांकि कार का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। आबकारी निरीक्षक राहुल शर्मा ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी। यह सूचना NH-48 से गुजरात में शराब तस्करी के बारे में थी। इस पर आबकारी टीम ने बरौठी के पास नाकेबंदी की। नाकेबंदी के दौरान एक तेज रफ्तार क्रेटा कार आती दिखी। आबकारी टीम ने जब कार को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। टीम ने पीछा किया, तो तस्कर बिछीवाड़ा हाईवे से नीचे गाड़ी उतारकर झाड़ियों का फायदा उठाते हुए वाहन छोड़कर भाग गया। कार में फर्जी नंबर प्लेटें भी मिली कार को कब्जे में लेकर जांच की गई। इसमें पंजाब निर्मित कुल 60 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब मिली। इसके अलावा, गाड़ी के अंदर से कई जाली और फर्जी नंबर प्लेटें भी मिलीं। तस्कर इनका इस्तेमाल पहचान छिपाने के लिए करते थे। आबकारी विभाग ने कार और अवैध शराब को जब्त कर लिया है। आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। जब्त शराब की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।