डूंगरपुर की सागवाड़ा थाना पुलिस ने नर्सिंग छात्रा निशा हत्याकांड का मंगलवार को खुलासा करते हुए उसके प्रेमी पूनमचंद कटारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल खंजर, खून से सने कपड़े, बैग और बाइक बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की थी। हत्या के बाद शव को नाल घुमाव के पास नाले में फेंक दिया था। नाले में मिला था क्षत-विक्षत शव सागवाड़ा पुलिस उपाधीक्षक हेरम्ब जोशी ने बताया कि 24 सितंबर को नाल घुमाव के पास नाले में 10-15 दिन पुराना अत्यधिक बदबूदार और क्षत-विक्षत अवस्था में अज्ञात महिला का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और सोशल मीडिया के साथ महिला के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान के प्रयास शुरू किए। चप्पल और कपड़ों से हुई निशा की पहचान मृतका की चप्पल और कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान घाटा वस्सी निवासी निशा के रूप में की। जांच में सामने आया कि निशा सागवाड़ा स्थित नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई करती थी और सहेलियों के साथ कॉलेज के पास ही किराए के कमरे में रहती थी। पुलिस ने उसकी सहेलियों से पूछताछ की तो पता चला कि 19 सितंबर को पूनमचंद कटारा उसे अपने साथ लेकर गया था। सीसीटीवी और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी अनुसंधान के जरिए पूनमचंद की तलाश शुरू की। आरोपी की तलाश राजस्थान के अलावा गुजरात के उदयपुर, माउंट आबू, अंबाजी और अहमदाबाद तक की गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में कबूला हत्या का जुर्म पुलिस के अनुसार कड़ाई से मनोवैज्ञानिक पूछताछ में पूनमचंद ने हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में उसने बताया कि निशा उस पर लगातार बातचीत जारी रखने और उसे नहीं छोड़ने का दबाव बना रही थी। साथ ही वह उसे केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी आक्रोशित हो गया। सुनसान जगह ले जाकर खंजर से किया वार आरोपी के अनुसार वह निशा को सुनसान जगह पर ले गया, जहां पेट और छाती में खंजर घोंपकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नाले में फेंक दिया। इसके बाद वारदात में इस्तेमाल खंजर, खून से सने कपड़े और बैग को गेपसागर झील में फेंककर गुजरात भाग गया। झील से बरामद हुए अहम साक्ष्य पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गेपसागर झील में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने झील के अंदर से खंजर, खून से सने कपड़े और बैग समेत वारदात से जुड़े अहम साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब आरोपी से हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।