डूंगरपुर में समग्र शिक्षा ने पीएम श्री महिपाल उच्च माध्यमिक स्कूल, सागवाड़ा में ब्लॉक स्तरीय 'प्रबल' कार्यक्रम किया। इसमें कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा दिखाई। विद्यार्थियों की प्रतिभा परखने के लिए तीन तरह की प्रतियोगिताएं हुईं। नाट्य प्रदर्शन, भाषण-आशु भाषण और पैनल चर्चा। नाट्य प्रदर्शन में छात्रों ने सामाजिक बुराइयों और मौजूदा मुद्दों पर अभिनय किया। भाषण और चर्चा में सोशल मीडिया, एआई का असर, सड़क सुरक्षा, रोजगार, स्वदेशी उत्पाद और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय छाए रहे। निर्णायक समिति ने सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता के आखिर में अच्छा प्रदर्शन करने वाले एक छात्र और एक छात्रा को जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक और कई विद्यार्थी मौजूद थे।