डूंगरपुर में बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर अवैध शराब तस्करी पर कार्रवाई की है। पुलिस ने 1 कंटेनर ट्रक से वॉशिंग मशीन के कार्टन की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही चंडीगढ़ की बनी अंग्रेजी शराब के 395 कार्टन पकड़े हैं। इस शराब की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक को जब्त कर उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि निकाय चुनाव के चलते अवैध शराब तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एसआई अब्दुल मुनाफ NH-48 पर रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर गाड़ियों की जांच कर रहे थे। तभी उन्हें खबर मिली कि उदयपुर से गुजरात की तरफ जा रहे एक टाटा कंटेनर ट्रक में वॉशिंग मशीन के कार्टन के पीछे अंग्रेजी शराब छिपाई गई है। वॉशिंग मशीन के कार्टन के अंदर भरे थे शराब के कार्टन इस जानकारी पर पुलिस टीम ने गुजरात नंबर के ट्रक को रोका और ड्राइवर से पूछताछ की। ड्राइवर ने अपना नाम त्रिलोक सिंह रावत (27) बताया, जो भीलवाड़ा के करेड़ा थाना क्षेत्र के बड़ी का बाड़िया का रहने वाला है। उसने बताया कि ट्रक में वॉशिंग मशीन भरी हैं। पुलिस ने बिल्टी मांगी, लेकिन ड्राइवर कोई कागज नहीं दिखा पाया। शक होने पर कंटेनर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वॉशिंग मशीन के कार्टन के अंदर अंग्रेजी शराब के कार्टन मिले। पुलिस ने कार्टन नीचे उतरवाकर गिने, तो कुल 395 कार्टन शराब मिली। इन सभी कार्टन पर 'फोर सेल ओनली इन चंडीगढ़' लिखा था। पुलिस ने शराब और ट्रक जब्त कर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। शराब तस्करी के पूरे मामले की जांच और पूछताछ जारी है।