डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा थाना क्षेत्र में ठगी की एक वारदात सामने आई है। यहां 2 बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने एक बुजुर्ग महिला से करीब 3 लाख रुपए के सोने के जेवर ठग लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गामठवाड़ा निवासी पीड़ित तुलसी देवी से 2 अज्ञात युवकों ने प्राइवेट बस स्टैंड का रास्ता पूछने के बहाने बात शुरू की। आरोपियों ने महिला को बातों में उलझाया। इसके बाद वे महिला को गोल चौराहा से प्राइवेट बस स्टैंड की ओर ले गए। इस दौरान बदमाशों ने चालाकी से महिला के कानों के सोने के झुमके उतरवा लिए। उन्होंने महिला को अखबार का कागज थमा दिया और मौके से फरार हो गए। जब तक महिला को ठगी का एहसास हुआ, तब तक दोनों आरोपी भाग चुके थे। पीड़िता के अनुसार, ठगे गए सोने के जेवरों की कीमत करीब 3 लाख रुपए है। घटना की सूचना मिलते ही सागवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखते हुए आरोपियों की तलाश कर रही है। पीड़िता के बेटे जितेंद्र बुनकर ने इस बारे में जानकारी दी।