जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर के शहीद पार्क में 'विकसित भारत संकल्प सभा' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने वर्चुअली जुड़कर सभा को संबोधित किया। पार्टी के इतने बड़े आयोजन से कार्यकर्ताओं की दूरी और भीड़ जुटाने के लिए स्कूली बच्चों पर निर्भरता स्थानीय राजनीतिक हलकों में खासी चर्चा रही । कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उनके साथ मंच पर सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल, स्वच्छता के प्रदेश ब्रांड एम्बेसेडर के.के. गुप्ता और नगर परिषद सभापति सुशीला गुप्ता सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चुन्नीलाल गरासिया सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित किया | अपने संबोधन में पीएम मोदी के सेवा 25 वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाया ओर कहा आज देश पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुरे विश्व में अलग पहचान बनाते हुए विकसित भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा है | नेताओं और कार्यकर्ताओं की कमी रही चर्चा का विषय यह जिला स्तरीय कार्यक्रम यूं तो बड़े स्तर पर आयोजित किया गया था, लेकिन इसमें भाजपा नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की गैरमौजूदगी पूरे समय चर्चा का विषय बनी रही। आयोजन स्थल पर पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ नदारद दिखी। हालांकि, कार्यक्रम में स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों को बड़ी संख्या में लाया गया था, जिनकी भागीदारी से भीड़ जुटी और कार्यक्रम की लाज रह गई। सेवा ज्योति यात्रा में बच्चों के हाथों में दिखे भाजपा के झंडे संकल्प सभा के समापन के बाद शहीद पार्क से लक्ष्मण मैदान तक 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली गई। इस यात्रा में भी मुख्य रूप से स्कूली बच्चे ही नजर आए। रैली के दौरान स्कूली बच्चे अपने हाथों में भाजपा के झंडे लेकर चलते हुए दिखाई दिए।