सवाई माधोपुर| नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान से पूर्व अंतिम 48 घंटे तथा मतदान दिवस के संबंध में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 11 सितंबर को होने वाले निर्वाचन को लेकर नगर परिषद गंगापुर सिटी, नगर पालिका बामनवास व वजीरपुर में 9 सितंबर शाम 6 बजे से चुनाव प्रचार की अवधि पूरी हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बताया कि निर्वाचन से पूर्व अंतिम 48 घंटे की अवधि निर्वाचन प्रबंधन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवधि में चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की पालना के साथ-साथ कानून-व्यवस्था तथा निर्वाचन प्रक्रिया की गोपनीयता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों, राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों को सतर्कता के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा।