सवाई माधोपुर| नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के तहत बुधवार को जिले में हुए मतदान के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त निर्वाचन पर्यवेक्षक एवं अतिरिक्त आयुक्त (पंचायती राज विभाग) ब्रजेश कुमार चांदोलिया ने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने नगर परिषद सवाई माधोपुर, नगर पालिका खंडार और नगर पालिका बौंली क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पर्यवेक्षक ने विशेष रूप से अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वहां सुरक्षा प्रबंधों, मतदान प्रक्रिया और कानून-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात कार्मिकों से पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। चांदोलिया ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें।