भास्कर न्यूज| जैसलमेर उत्तर पश्चिम रेलवे जोधपुर मंडल के अंतर्गत जैसलमेर क्षेत्र में थईयात हमीरा-सोनू रेलखंड के मध्य नवनिर्मित मोकला स्टेशन की नई रेल लाइनों का विद्युतीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है। तकनीकी जांच के बाद इन नई लाइनों को 25 केवीए, 50 हर्ट्ज विद्युत कर्षण के लिए पूरी तरह फिट घोषित कर दिया गया है। यह अहम उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के नेतृत्व, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण) जोधपुर हरीश कुमार शर्मा एवं सहायक मंडल विद्युत अभियंता (कर्षण) जैसलमेर रामकिशोर के निर्देशन में हासिल की गई। इसे धरातल पर वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कर्षण) रेंवतराम चौधरी और कनिष्ठ अभियंता (कर्षण) जैसलमेर वीरेंद्रसिंह पंवार ने तकनीकी टीम के सहयोग से पूरा करवाया। मोकला स्टेशन की नई लाइनों के विद्युतीकरण से इस प्रमुख माल यातायात रेलखंड पर इलेक्ट्रिक इंजनों से मालगाड़ियों का आवागमन तेज व सुगम होगा। इससे क्षेत्र में माल ढुलाई क्षमता बढ़ेगी तथा स्थानीय औद्योगिक व व्यावसायिक गतिविधियों को सीधा लाभ मिलेगा।