शहर में रेलवे स्टेशन रोड से बंशी पान भंडार तक बन रहे टू-लेन एलिवेटेड रोड को अब अश्विनी बाजार रोड पर भी उतारने की तैयारी है। इसके लिए नगर निगम ने नया नक्शा भी तैयार लिया है। देहलीगेट चौराहे से अश्विनी बाजार रोड पर 12 पिलर पर लेन उतरेगी। हालांकि निगम यह भी जांच करवाएगा कि इस हिस्से में रैंप के लिए रोड पर पर्याप्त जगह है या नहीं और वाहनों का दबाव कितना है। साथ ही रैंप की लंबाई, ढलान व नीचे की सड़क की क्षमता का तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद यहां एक लेन उतारी जाएगी। इससे एलिवेटेड रोड के ट्रैफिक को सीधे अश्विनी बाजार में जाने का नया विकल्प मिलेगा। मामले में आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि रोड की चौड़ाई की जांच करवाई जाएगी। पर्याप्त जगह मिलने और ट्रैफिक व्यवस्था नहीं बिगड़ने की स्थिति में लेन उतारने की तैयारी की जाएगी। फायदा: अश्विनी बाजार जाने का विकल्प एलिवेटेड रोड बनने के बाद रेलवे स्टेशन से एमबी हॉस्पिटल रोड और बंशी पान भंडार तक आने-जाने वाले लोग ही इस पर सफर करेंगे। लेकिन, अश्विनी बाजार में लेन उतरने से बाजार की ओर जाने वाले लोग भी एलिवेटेड का इस्तेमाल कर सकेंगे। अभी देहलीगेट से अश्विनी बाजार रोड पर रोजाना 20 से 30 हजार वाहन गुजरते है। एलिवेटेड लेन उतरने से नीचे देहलीगेट का ट्रैफिक दबाव कम हो जाएगा। चुनौती: संकरी होगी रोड, पार्किंग में मुश्किल अश्विनी बाजार की 50 फीट सड़क के एक तरफ दुकानें और प्रतिष्ठान हैं। रोड के बीच एलिवेटेड उतारने की तैयारी है। ऐसे में नीचे की रोड संकरी हो जाएगी और बाजार की पार्किंग प्रभावित होगी। दोनों तरफ आने-जाने वाले वाहनों को एलिवेटेड के हिस्से के पास से निकलने में परेशानी होगी। ऊपर से आने वाला ट्रैफिक और बाजार का ट्रैफिक एक ही सड़क पर मिलेंगे। ऐसे में नीचे ट्रैफिक जाम की समस्या भी बनेगी। प्रोजेक्ट एक नजर में : 136.89 करोड़ में बन रहा एलिवेटेड रोड एलिवेटेड रोड का काम 14 दिसंबर 2024 को शुरू हुआ था। 136.89 करोड़ रुपए में बनाई जा रही यह रोड 12 मीटर चौड़ी होगी। इसका एक हिस्सा एमबी हॉस्पिटल रोड पर भी उतरेगा। पूरे मार्ग में 17-17 फीट ऊंचाई के 116 पिलर लगाए जा रहे हैं। उदियापोल से बंशी पान तक रोज 70 हजार वाहनों का दबाव रहता है। इसी मार्ग में उदियापोल, सूरजपोल, देहलीगेट और कोर्ट चौराहा जैसे शहर के सबसे व्यस्त सर्किल आते हैं। कलेक्ट्री और कोर्ट परिसर भी इसी हिस्से में हैं, जहां परिवादियों और धरना-प्रदर्शन के चलते अक्सर ट्रैफिक ठप रहता है। एलिवेटेड रोड के पूरा होने के बाद रेलवे स्टेशन रोड से एमबी हॉस्पिटल और बंशी पान तक वाहन सीधे निकल सकेंगे। विरोध के समर्थक सिंघवी अब मेयर अश्विनी बाजार में पहले भी एलिवेटेड रोड की एक लेन उतारी जानी थी। लेकिन वहां के व्यापारियों ने इसका विरोध किया था। उनका कहना था कि इससे रोड संकरी होगा और ट्रैफिक भी बढ़ेगा। तब उपमहापौर पारस सिंघवी (अब महापौर) ने व्यापारियों का साथ दिया था। अब सवाल यह है कि क्या सिंघवी अश्विनी बाजार में लेन उतारने के पक्ष में रहेंगे या विपक्ष में?