जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) सचिव और एडीजे दिनेश कुमार जलुथरिया ने शनिवार को आदर्श दिव्यांग विशेष आवासीय स्कूल का निरीक्षण किया। स्कूल में पंजीकृत 50 बालकों में से 45 उपस्थित मिले, बाकि बालकों को परिजनों के जरिए अवकाश पर ले जाना बताया गया। न्यायाधीश ने कक्षाओं, आवासीय परिसर, बच्चों के बैठने-रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन-पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां में संधारित किए जा रहे रजिस्टरों की भी जांच की। उन्होंने बच्चों की गतिविधियां देखीं और उनसे बातचीत कर पढ़ाई व विद्यालय में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। स्कूल प्रिंसिपल गीता शर्मा से बच्चों की शिक्षा, मनोवैज्ञानिक सहयोग और स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में जानकारी ली गई। न्यायाधीश ने बच्चों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा उन्हें पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की योजनाओं के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही संविधान में दिए गए मूल अधिकारों व मूल कर्तव्यों के बारे में भी जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन को बच्चों की देखभाल और व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए।