भास्कर न्यूज | सवाईमाधोपुर मलारना डूंगर उपखंड के गांव पीलवा नदी की मीणा बस्ती में श्रीठाकुरजी के मंदिर तक जाने वाला रास्ता अतिक्रमियों ने बंद कर दिया है। दबंग परिवार ने 25 फीट चौड़े आम रास्ते पर टीनशेड लगा कर तारबंदी कर दी है। इससे बस्ती के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। रास्ते में जलभराव होने से हालात और बिगड़ गए हैं। मंदिर तक जाने वाले श्रद्धालु कीचड़ में फंस रहे हैं, पूजा-पाठ में भी दिक्कत आ रही है। गांव के रामराज मीणा ने बताया कि इसी रास्ते पर सरकारी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी हैं। बच्चों और महिलाओं को भी इसी कीचड़ भरे रास्ते से निकलना पड़ता है। दबंग परिवार ने अस्थायी टीनशेड और अन्य अतिक्रमण कर रखा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में उपखंड अधिकारी और तहसीलदार को ज्ञापन देकर अतिक्रमण हटवाने और रास्ता खुलवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।