फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका में चेयरमैन पद को लेकर चल रही सियासी उठापटक के बीच मावली के कांग्रेस विधायक पुष्करलाल डांगी ने दावा किया है कि नगर पालिका में निर्दलीय ममता चपलोत चेयरमैन बनेंगी, जबकि उपाध्यक्ष कांग्रेस का होगा। डांगी ने दैनिक भास्कर डिजिटल से मोबाइल पर बातचीत में पार्षदों की बाड़ाबंदी, पुलिस की जांच और बोर्ड गठन को लेकर खुलकर बात की। नीचे पढ़े पुष्करलाल डांगी से बातचीत- सवाल: फतहनगर में कांग्रेस का क्या रूख है और क्या तय हुआ है? डांगी: फतहनगर में हमारे साथ 14 पार्षद हैं। हम बोर्ड बनवाएंगे। हमारी पहले ही बात हो गई थी। जो तय हुआ है, उसके बाद हम पीछे नहीं हटेंगे। फतहनगर में चेयरमैन निर्दलीय ममता चपलोत होंगी और नगर पालिका का उपाध्यक्ष कांग्रेस से होगा। सवाल: इस तरह की राजनीतिक माहौल को आप किस तरह देखते हैं? डांगी: मुझे राजनीति करते हुए काफी लंबा समय हो गया है। मैंने राजनीति में ऐसा कभी नहीं देखा। राजनीति में सभी अपने-अपने दांव-पेच करते हैं और प्रयास करते हैं लेकिन इस तरह परेशान करना, नोटिस देना, पुलिस भेजना यह गलत है। सवाल: जहां पार्षदों को रखा गया है, वहां कौन-कौन आया था? डांगी: पुलिस आई थी। मैंने भी पुलिस को देखा। फतहनगर की दो गाड़ियों के अलावा सिरोही जिले की दो पुलिस की गाड़ियां थीं। फतहनगर से करीब 10-11 लोग थे। इनमें सीआई, दो एसआई, दो महिला पुलिसकर्मी और बाकी कांस्टेबल थे। हमारे कार्यकर्ता बता रहे थे कि बाहर की तरफ 27 गाड़ियां और थी जिसमें दूसरे लोग थे लेकिन मैंने नहीं देखा। सवाल: पुलिस ने पार्षदों के कमरों में क्या जांच की? उत्तर: पुलिस ने 12 पार्षदों के कमरे चेक किए। जेबें चेक की गईं। मोबाइल तो किसी के पास था ही नहीं। मुझसे कुछ नहीं पूछा गया। सवाल: क्या पुलिस ने आपके कमरे की भी जांच की? डांगी : मेरे कमरे पर पुलिस गई लेकिन कमरे के बाहर से ताला लगा था। पूछा किसका कमरा है तो वहां बताया कि मेरा कमरा है तो पुलिस ने उसे उन्होंने उसे नहीं खोला। पुलिस का मकसद यही था कि राजेश चपलोत और उनकी पत्नी से बात करा दी जाए। मैंने बोला वो कल यहीं थे और करीब 11 बजे तक मेरे साथ थे, इसके बाद यहां से निकल गए, मुझे नहीं पता कहां है, फोन बंद है उनका। सवाल: फतहनगर और मावली नगर पालिका में किसका बोर्ड बनेगा और किस तरह बनेगा? डांगी: फतहनगर में हमारे साथ 14 पार्षद हैं और हम बोर्ड बनाएंगे। मावली की बात करें तो वहां एक निर्दलीय का वोट महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। उसके वोट से ही स्थिति तय होगी।
अब जाने फतहनगर और मावली नगर पालिका की गणित फतहनगर-सनवाड़ नगर पालिका चुनाव में 25 वार्ड में से भारतीय जनता पार्टी ने 13 और कांग्रेस ने 12 वार्ड जीते है। वहां चेयरमैन का पद अनारक्षित महिला के लिए रिजर्व है। इसी तरह मावली नगर पालिका के 20 वार्डों में से कांग्रेस 10, भाजपा 9 और 1 निर्दलीय पार्षद जीता है। वहां चेयरमैन का पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए रिजर्व है।
ये खबर भी पढ़े… फतहनगर में चेयरमैन पर कांग्रेस उम्मीदवार ने नामांकन उठाया:अब भाजपा की सीमा और निर्दलीय ममता के बीच मुकाबला, रिसोर्ट में पहुंची पुलिस, पूर्व चेयरमैन को यूडीए का नोटिस