जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के फेंकारिया नदी में चल रहे अवैध बजरी खनन को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों के लामबंद होकर विरोध जताने पर जेसीबी ऑपरेटर मौके से भाग निकला। अवैध बजरी से भरे डंपर चालक ने गाड़ी खाली कर भागने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची जैतपुर पुलिस ने अवैध बजरी खनन में प्रयुक्त डंपर जब्त किया है। हालांकि पुलिस के सामने डंपर चालक द्वारा बजरी खाली करने और लंबे समय से जारी अवैध खनन पर पुलिस की भूमिका को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। फेंकारिया नदी में अवैध बजरी खनन को लेकर ग्रामीणों का आरोप है कि अवैध खनन करने वाले वाहनों के नंबर प्लेट तक मिटा दिए हैं, ताकि सीसीटीवी कैमरों में पहचान न हो सके। घटनाक्रम की सूचना जैतपुर पुलिस पहुंची, तब भी आरोपी डंपर चालक पुलिस की मौजूदगी में अवैध बजरी को खाली करता रहा और पुलिस देखती रही। एसपी ने कहा- नहीं बख्शे जाएंगे दोषी मामले और जैतपुर पुलिस की भूमिका को लेकर जब पाली एसपी मोनिका सेन से सवाल किया, तो उन्होंने कहा िक घटनाक्रम की गहनता से जांच करवाई जाएगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गैर कानूनी गतिविधियों में लिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।