भास्कर न्यूज| जैसलमेर राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर नई दिल्ली में 10 से 12 सितंबर तक आयोजित हो रही ड्राईलैंड कांग्रेस 2026 में जैसलमेर जिले के पांच प्रगतिशील किसान भाग लेंगे। इस राष्ट्रीय सम्मेलन का संयुक्त आयोजन इंटरनेशनल क्रॉप्स रिसर्च इंस्टीट्यूट फॉर द सेमी-एरिड ट्रॉपिक्स (इक्रीसेट) और इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च (आईसीएआर) द्वारा किया जा रहा है। काजरी सीएजेडआरआई के रीजनल रिसर्च स्टेशन जैसलमेर के सहयोग से जा रहे इस दल में जिले के किसान कमलेश विश्नोई, मनोहरसिंह, कंवराजसिंह, तैयब और मिस्टर सादिक शामिल हैं। अत्यधिक शुष्क क्षेत्र के इन किसानों को इस राष्ट्रीय मंच पर शुष्क भूमि कृषि (ड्राईलैंड फार्मिंग) से जुड़े कृषि वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और विशेषज्ञों से सीधा संवाद करने का अवसर मिलेगा। काजरी का यह कदम संस्थान के वैज्ञानिक अनुसंधानों को किसानों के व्यावहारिक अनुभवों से जोड़ने और शुष्क खेती की चुनौतियों से निपटने के लिए किसान-वैज्ञानिक साझेदारी को सशक्त करने के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है। किसान वहां अपने जमीनी अनुभव साझा करेंगे।