छीपाबड़ौद| राज्य में भाजपा सरकार की ओर से खाद वितरण के लिए लागू की गई ऑनलाइन व्यवस्था के कारण किसानों एवं खाद डीलरों को हो रही परेशानियों को लेकर पूर्व विधायक करण सिंह राठौड़ ने विरोध जताया है। पूर्व विधायक राठौड़ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर के कहा कि सरकार की ओर से खाद की चोरी एवं कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से लागू की गई ऑनलाइन व्यवस्था जमीनी स्तर पर सफल नहीं हो पाई है। इस व्यवस्था के कारण किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रहा है। जिससे आने वाली फसल को लेकर किसानों में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल पर कई बार खाद डीलर का नाम दूसरे ब्लॉक अथवा जिले में प्रदर्शित हो जाता है। जिससे डीलरों को मानसिक एवं आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा ऑनलाइन प्रक्रिया के 24 घंटे बाद स्वतः निरस्त होने, सर्वर एवं तकनीकी समस्याओं के कारण किसान और डीलर दोनों परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को किसान हित में इस व्यवस्था की समीक्षा करनी चाहिए। खाद वितरण को सरल एवं पारदर्शी बनाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।