कासं|सवाई माधोपुर सरकार पशुओं में बांझपन की समस्या से निजात दिलाने, पशुधन की उत्पादकता और विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड (आरएलडीबी) के माध्यम से राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत शुक्रवार को जिले के पशुपालकों को चार ब्लॉकों में एक दिवसीय निःशुल्क बांझ निवारण एवं पशु चिकित्सा शिविर करेगी। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि ये शिविर सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक किए जाएंगे। शिविरों में पशुपालकों को विशेषज्ञ पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ पशुओं में बांझपन की समस्या की जांच, उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्लॉक सवाई माधोपुर के सूरवाल, बामनवास के शफीपुरा, मलारना डूंगर में ग्राम पंचायत मलारना डूंगर तथा खण्डार के फलौदी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। पशुपालक अपने पशुओं को शिविर में लाकर इन निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। शिविर में पशुओं के लिए निःशुल्क सुविधाएं : शिविरों में विशेष रूप से गाय एवं भैंस सहित अन्य पशुओं में बांझपन की गहन जांच एवं उपचार, गर्भ परीक्षण, आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण, पशुओं के लिए कृमिनाशक दवा एवं खनिज मिश्रण का वितरण किया जाएगा। साथ ही पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य, प्रजनन क्षमता एवं बेहतर पशुपालन संबंधी आवश्यक चिकित्सकीय सलाह भी दी जाएगी। पशुपालन विभाग ने अधिक से अधिक पशुपालकों को इन शिविरों में पहुंचकर अपने पशुओं का समय पर उपचार एवं स्वास्थ्य परीक्षण करवाने की अपील की। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंचों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी शिविरों के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया।