केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत रविवार को जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- आप सरनेम किसी से चुरा सकते हो, लेकिन उस सरनेम के साथ जुड़ी लीगेसी, परिपक्वता और जिम्मेदारीपूर्ण आचरण का व्यवहार केवल सरनेम धारण करने से हासिल नहीं कर सकते। शेखावत ने कहा- राहुल गांधी ने अपने ही देश के प्रधानमंत्री को लेकर जिस तरह की गैर-जिम्मेदाराना हरकतें सार्वजनिक मंच पर कीं, वह अशोभनीय और निंदनीय है। राहुल गांधी के पुराने व्यवहार को देखते हुए उनका यह आचरण कोई नई बात नहीं है। चुनाव को लेकर जनत की भावना को नहीं किया जा सकता नजरअंदाज कांग्रेस द्वारा नगर निगम चुनाव में हाइब्रिड तकनीक के माध्यम से राजेंद्र सोलंकी को उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर शेखावत ने कहा- यह नियम-कायदे के दायरे में है। कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए शायद इसी उद्देश्य से नियमों में संशोधन किया होगा। उन्होंने कहा- शहर के मतदाता पहले ही अपना मानस व्यक्त कर चुके हैं। नगर निगम बोर्ड के लिए चुने गए सदस्यों ने भी अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। ऐसे में चुनाव को लेकर जनता और निर्वाचित प्रतिनिधियों की भावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। कांग्रेस पर लगाया अफवाह फैलाने का आरोप शेखावत ने हाल में झूठ और अफवाहें फैलाने की कोशिशों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा- दो दिन पहले भी इस तरह की कोशिश की गई थी। रात में थाना रातानाडा जाकर एक हाईवोल्टेज पॉलिटिकल ड्रामा खड़ा करने का प्रयास किया गया, लेकिन सुबह होते-होते वह पटाखा फुस्स हो गया।