सिद्धि श्रीगढ़ गणपति सेवा समिति की ओर से आयोजित गणेशोत्सव के तीसरे दिन बुधवार रात गणपति मंदिर परिसर में 2100 दीपकों से संगीतमय महाआरती की गई। रात 8 बजे आयोजित महाआरती में दीपों की रोशनी से मंदिर परिसर जगमगा उठा और गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। मुख्य अतिथि श्रीकृष्ण गौशाला के पदाधिकारी दिलीप मित्तल और शैलेंद्र यादव ने समिति पदाधिकारियों के साथ विधिवत पूजा-अर्चना और महाआरती की। आज फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता: गुरुवार को आरती के बाद रात 8 बजे से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता होगी। बच्चे स्वतंत्रता सेनानियों या धार्मिक पात्रों के रूप में प्रस्तुति दे सकेंगे।