सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को गोधरा ट्रेन अग्निकांड के दोषी इरफान सिराज पाड़ा की सजा को निलंबित करते हुए उसे जमानत दे दी है। शीर्ष अदालत ने यह राहत पाड़ा की चिकित्सीय स्थिति (मेडिकल ग्राउंड) को देखते हुए दी है। सुनवाई के दौरान गुजरात सरकार ने पाड़ा की स्वास्थ्य स्थिति पर कोई आपत्ति नहीं जताई। इरफान सिराज पाड़ा पिछले 17 वर्षों से जेल में बंद था।
मामले की पृष्ठभूमि
27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने की दर्दनाक घटना हुई थी, जिसमें अयोध्या से लौट रहे 58 कारसेवकों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक दंगे भड़क गए थे। मार्च 2011 में विशेष ट्रायल कोर्ट ने इस मामले में कुल 31 लोगों को दोषी करार दिया था। इनमें से 11 को फांसी और 20 को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, जबकि 63 अन्य आरोपियों को बरी कर दिया गया था।
बाद में, 2017 में गुजरात हाईकोर्ट ने 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था और शेष 20 दोषियों की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था। फिलहाल, इन दोषियों की अपील सुप्रीम कोर्ट में लंबित है।
अब तक 11 दोषियों को मिली जमानत
गोधरा कांड के दोषियों की जमानत का सिलसिला मई 2022 से शुरू हुआ था। अब तक कुल 31 दोषियों में से 11 को विभिन्न आधारों पर जमानत मिल चुकी है। इससे पहले, कोर्ट ने मानवीय और अन्य विशेष आधारों पर अब्दुल रहमान धंतिया, फारूक और अन्य आठ दोषियों को जमानत दी थी।
दंगों का व्यापक असर
गोधरा घटना के बाद राज्य में भड़के दंगों में आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 1044 लोगों की जान गई थी, जिनमें 790 मुस्लिम और 254 हिंदू समुदाय के लोग शामिल थे। इन दंगों ने राज्य को बुरी तरह प्रभावित किया था, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए सेना तक को बुलाना पड़ा था।