मुंसरी टोल प्लाजा पर टोलकर्मी कारूलाल नागर की हत्या के मामले का गोगामेड़ी थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को बापर्दा गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। 23 सितंबर की रात बाइक से गोगामेड़ी मेला देखकर लौट रहे तीन युवकों का गलत लेन में प्रवेश करने को लेकर टोलकर्मियों से विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया। पेट में चाकू लगने से गंभीर घायल कारूलाल नागर की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, 100 से ज्यादा होटलों के रिकॉर्ड जांचे, 300 से अधिक लोगों से पूछताछ की और हरियाणा तक 100 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में दबिश दी। गलत लेन में जाने से शुरू हुआ विवाद, चाकू से किया हमला जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने सोमवार को गोगामेड़ी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 23 सितंबर की रात गोगामेड़ी की ओर से बाइक सवार तीन युवक मुंसरी टोल प्लाजा पहुंचे थे। आरोपियों ने बाइक को गलत लेन में प्रवेश कराया, जिस पर टोलकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने चाकू निकालकर टोलकर्मी कारूलाल नागर पुत्र शोभाराम निवासी बोरखेड़ी, नागर मोहल्ला, जिला झालावाड़ के पेट में वार कर दिया। वहीं, दूसरे टोलकर्मी धर्मवीर पुत्र आदराम की पीठ पर भी चाकू से हमला किया गया। एसपी के अनुसार आरोपियों के पास तलवार भी थी, जिसे लहराते हुए तीनों मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाने के बाद भी नहीं बची जान चाकू लगने से गंभीर घायल कारूलाल नागर को तत्काल एम्बुलेंस से गोगामेड़ी ले जाया गया। वहां से उसे भादरा रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के संबंध में गोगामेड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया। गोगामेड़ी मेला देखने के बाद टोल पर पहुंचे थे तीनों पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों युवक बाइक नंबर HR 20 BD 7471 से गोगामेड़ी मेले में पहुंचे थे। मेला देखने के बाद वे वापस लौट रहे थे। रात करीब 3 बजे मुंसरी टोल प्लाजा पहुंचने पर गलत लेन में जाने को लेकर टोलकर्मियों से विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेक्टर नोहर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी के निकटतम सुपरविजन में भादरा डीएसपी कुलदीप सिंह और गोगामेड़ी थाना प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। 500 CCTV, 100 होटल और 300 लोगों से पूछताछ आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित भागने के रास्तों तक CCTV फुटेज खंगाली। पुलिस टीमों ने 500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज की जांच की। इसके अलावा 100 से अधिक होटलों के रिकॉर्ड चैक किए गए और 300 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र के साथ-साथ हरियाणा में 100 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मानवीय एवं तकनीकी आसूचना और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस तीनों आरोपियों की पहचान तक पहुंची। हिसार का 19 वर्षीय अंकित गिरफ्तार पुलिस ने मामले में अंकित (19) पुत्र नरेश धानक निवासी नवदीप कॉलोनी, आनंद नगर, हिसार, हरियाणा को बापर्दा गिरफ्तार किया है। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में गहनता से अनुसंधान जारी है। इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका आरोपियों की धरपकड़ करने वाली टीम में गोगामेड़ी थाना प्रभारी जयप्रकाश झाझड़िया, एएसआई अक्षय कुमार, एएसआई प्रवीण कुमार, हेड कॉन्स्टेबल रमेश, कॉन्स्टेबल मदन, कृष्ण कुमार, नरसीराम व राकेश, एसआई नरेन्द्र, डीएसटी प्रभारी एएसआई धर्मपाल, हेड कॉन्स्टेबल सुखदेव, कालूराम, भजनलाल, कॉन्स्टेबल सुभाष चंद्र, मनीष, रोशन व अमित, एएसआई राजेंद्र, हेड कॉन्स्टेबल नरेश, राजपाल, कॉन्स्टेबल सुभाष, मनीष, रवि, कुलदीप, शुभम व देवीलाल शामिल रहे। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में जिला विशेष टीम सेक्टर नोहर के कॉन्स्टेबल मनीष की विशेष भूमिका रही।