उदयपुर आबकारी विभाग ने गोगुंदा में 2 बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर 3600 लीटर अवैध स्पिरिट जब्त की है। बरामद स्पिरिट की अनुमानित कीमत 4 लाख रुपए है, जिसका उपयोग निकाय चुनाव के दौरान अवैध शराब के निर्माण में किया जाना था। कार्रवाई आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में की गई। आबकारी विभाग के अनुसार- मुखबिर से सूचना मिली थी कि खोखरिया नाल के पास बालाजी रेस्टोरेंट में अवैध स्पिरिट का भंडारण शराब का​ निर्माण किया जा रहा है। टीम मौके पर पहुंची, जहां कार्रवाई में 10 ड्रमों में 1700 लीटर स्पिरिट जब्त करते हुए मौके से आरोपी प्रकाश मेघवाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि गोगुंदा के पास उखलियाद में रमेश गरासिया के मकान पर भी अवैध स्पिरिट का भंडारण किया गया है। टीम मौके पर पहुंची और 10 ड्रमों में 1900 लीटर अवैध स्पिरिट जब्त की। कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। बता दें, प्रदेश में निकाल चुनाव के तहत आचार संहिता प्रभावी है। ऐसे में चुनाव के दौरान शराब के अवैध उपयोग की संभावना को लेकर पुलिस और आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसे लेकर आबकारी ने विशेष टीमें गठित की है, प्रदेशभर में कार्रवाई कर रही है।