पुराने दौर के सदाबहार गीतों और मधुर संगीत को समर्पित ‘गोल्डन एरा शो’ का 13वां संस्करण रविवार, 4 अक्टूबर को बिरला सभागार में आयोजित किया जाएगा। हेल्दी स्माइल्स ग्रुप की ओर से होने वाले इस संगीत कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे होगी। कार्यक्रम में अलग-अलग कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के जरिए हिंदी फिल्म संगीत के सुनहरे दौर के गीतों को दर्शकों तक पहुंचाएंगे। कार्यक्रम के प्रमुख कलाकार एवं संयोजक डॉ. समीर शर्मा ने बताया कि इस बार केपी सक्सेना, गीतिका चतुर्वेदी, जितेंद्र मक्कर, ऋचा खोडा और अल्पना राव अपनी मधुर प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों को पुराने दौर के लोकप्रिय गीतों को कलाकारों की आवाज में सुनने का मौका मिलेगा। कला-संस्कृति के क्षेत्र में प्रसन्न खमेसरा का सम्मान कार्यक्रम के दौरान पूर्व भारतीय प्रशासनिक अधिकारी एवं ‘सृजन द स्पार्क’ के संस्थापक प्रसन्न खमेसरा को कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में सुमित कुमार, प्रधान आयकर आयुक्त, राजस्थान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं सुप्रसिद्ध गजल गायक हुसैन बंधु भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उनकी मौजूदगी से संगीत प्रेमियों के बीच कार्यक्रम को लेकर खास उत्साह है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में दर्शकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है, लेकिन इसके लिए प्रवेश पत्र आवश्यक होगा। रविवार की शाम बिरला सभागार में संगीत प्रेमियों को पुराने हिंदी फिल्म संगीत के दौर की यादों और सदाबहार धुनों से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।