दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो गेम सीरीज में से एक 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6' (GTA 6) का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। यह गेम आज रात 12 बजे आधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। 13 साल के लंबे इंतजार के बाद आए इस अपडेटेड वर्जन को लेकर गेमिंग जगत में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
1.49 करोड़ लोगों ने किया प्री-ऑर्डर
मार्केट रिसर्च फर्म सेंसर टावर के आंकड़ों के अनुसार, लॉन्च से पहले ही दुनियाभर में 1.49 करोड़ लोग इस गेम को प्री-ऑर्डर कर चुके हैं। प्री-ऑर्डर से ही कंपनी ने 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। गेम की प्री-लोडिंग प्रक्रिया 10 नवंबर से ही शुरू कर दी गई थी। इस गेम की शुरुआती कीमत 5,999 रुपये रखी गई है, जबकि 1,500 रुपये अतिरिक्त देने पर खिलाड़ियों को एक्सक्लूसिव मिशन और विशेष गाड़ियां भी मिलेंगी।
भारतीय कंपनी ने दी अनोखी छुट्टी
GTA 6 के प्रति लोगों की दीवानगी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि भारत की एक इंटीरियर डिजाइन कंपनी 'इंडे बाय चेयर्सकार्ट' (Inde by ChairsCart) ने 19 नवंबर को अपनी पूरी कंपनी में छुट्टी की घोषणा कर दी है।
कंपनी के फाउंडर और सीईओ किशोर शनमुगम ने इंस्टाग्राम पर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि हम सभी ने GTA V और इसके चीट कोड्स के साथ अपना बचपन बिताया है, इसलिए 13 साल के इस इंतजार को देखते हुए हमने फैसला किया कि 19 नवंबर को कोई काम नहीं होगा। कर्मचारी बिना किसी चिंता के इस गेम का आनंद ले सकेंगे। सोशल मीडिया पर कंपनी के इस फैसले की काफी सराहना हो रही है और लोग इसे 'ड्रीम ऑफिस' बता रहे हैं।
विदेशों में भी उत्साह
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि अन्य देशों में भी इसका क्रेज सिर चढ़कर बोल रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में सैनिकों को इस गेम को खेलने के लिए 4 दिन का स्पेशल गेमिंग पास दिया गया है।