भास्कर न्यूज | राजसमंद ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में खाली पदों के कारण प्रभावित हो रही पढ़ाई को अब गेस्ट फैकल्टी के जरिए संभाला जाएगा। समग्र शिक्षा राजसमंद की ओर से विद्या संबल योजना के तहत विषय विशेषज्ञ और अनुभवी अभ्यर्थियों को अतिथि संकाय के रूप में लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देश पर जिले के सीबीईओ कार्यालय और संबंधित विद्यालयों में रिक्त पदों की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 अगस्त को सुबह 11 बजे तक शाला दर्पण पोर्टल पर प्रदर्शित रिक्त पदों की सूची संबंधित सीबीईओ कार्यालय और विद्यालयों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी। इससे इच्छुक अभ्यर्थी अपने नजदीकी विद्यालयों में उपलब्ध पदों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। योजना के तहत व्याख्याता, वरिष्ठ अध्यापक, अध्यापक एल-1, अध्यापक एल-2, अनुदेशक और प्रयोगशाला सहायक के रिक्त पदों पर गेस्ट फैकल्टी का चयन किया जाएगा। पात्र अभ्यर्थियों से 3 सितंबर को सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक पदवार आवेदन लिए जाएंगे। दोपहर 12 से 1 बजे तक आवेदनों की जांच कर सूची नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 1 से 3 बजे तक मेरिट के आधार पर प्रत्येक रिक्त पद के लिए प्राथमिकता क्रम में तीन-तीन अभ्यर्थियों की अस्थायी चयन सूची जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन दोपहर 3 से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद आपत्तियों का निस्तारण कर शाम 4 से 5 बजे तक अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को नियमानुसार गेस्ट फैकल्टी लगाने के आदेश भी इसी दिन जारी किए जाएंगे। सीडीईओ नूतन प्रकाश जोशी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। योजना का उद्देश्य ग्रामीण स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर कर विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू करना है।