बारां के छबड़ा कस्बे के गुगोर क्षेत्र में सोमवार को एक विवाहिता ने अपने 2 मासूम बच्चों के साथ पार्वती नदी में छलांग लगा दी। महिला घरेलू कलह से परेशान थी। मौके पर मौजूद गोताखोर की सतर्कता से तीनों की जान बच गई। गोताखोर निरंजन खारोल ने तुरंत नदी में कूदकर महिला और बच्चों को बाहर निकाला। उनकी सूझबूझ और सतर्कता से यह संभव हो पाया। महिला छबड़ा कस्बे की टीचर कॉलोनी की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि घर में चल रहे झगड़ों से परेशान होकर वह अपने बच्चों के साथ पार्वती नदी पर पहुंची थी। नदी किनारे मौजूद लोगों ने जब महिला को डूबते देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। इसी दौरान गोताखोर निरंजन खारोल ने तुरंत कार्रवाई की। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोर ने महिला को समझाकर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस अब महिला की काउंसलिंग कर रही है और उसके परिवार से संपर्क साधा गया है।