पंचायत चुनाव और कक्षा 9वीं से 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथियों में टकराव के चलते शिक्षा विभाग के सामने परीक्षा आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। शिविरा पंचांग के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 15 से 29 अक्टूबर तक प्रस्तावित हैं, जबकि पंचायत चुनाव का पहला चरण 22 से 26 अक्टूबर और दूसरा चरण 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक प्रस्तावित है। ऐसे में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षा करवाना मुश्किल नजर आ रहा है। चुनाव ड्यूटी में शिक्षकों की तैनाती, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते परीक्षा आयोजन प्रभावित होने की आशंका है। इसके चलते परीक्षा की तिथियों को लेकर शिक्षा विभाग में भी मंथन शुरू हो गया है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने भी शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर पंचायत चुनाव को देखते हुए अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव की मांग की है। महासंघ ने परीक्षा 16 नवंबर से 29 नवंबर तक करवाने का सुझाव दिया है। 15 अक्टूबर से परीक्षा प्रस्तावित, अब तक टाइम टेबल जारी नहीं राज्य स्तर पर होगी समान परीक्षा : शिक्षा विभाग की ओर से पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कक्षा 9वीं से 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं राज्य स्तर पर समान परीक्षा योजना के तहत आयोजित की जानी हैं। इसके तहत प्रदेशभर में एक समान प्रश्नपत्र और एक ही टाइम टेबल के अनुसार परीक्षा होगी। इसी प्रकार 9वीं और 11वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं भी राज्य स्तर पर समान परीक्षा योजना के तहत आयोजित की जानी हैं। 45 लाख विद्यार्थियों को टाइम टेबल का इंतजार राज्य स्तर पर परीक्षा आयोजित होने के कारण प्रदेशभर के करीब 45 लाख विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक परीक्षा के टाइम टेबल का इंतजार है। परीक्षा की प्रस्तावित तिथि नजदीक आने के बावजूद टाइम टेबल जारी नहीं होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। शिविरा पंचांग के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 15 अक्टूबर से शुरू होनी प्रस्तावित हैं, लेकिन शिक्षा विभाग ने अभी तक परीक्षा का टाइम टेबल जारी नहीं किया है। आमतौर पर परीक्षा शुरू होने से करीब 15 दिन पहले टाइम टेबल घोषित कर दिया जाता है। इस बार परीक्षा शुरू होने में महज कुछ दिन शेष हैं, इसके बावजूद कार्यक्रम जारी नहीं होने से परीक्षा की तिथियों में बदलाव की संभावना को बल मिल रहा है। अर्द्धवार्षिक परीक्षा और पंचायत चुनाव की तिथियों में टकराव के कारण परीक्षा की तिथि में बदलाव के संबंध में शिक्षा निदेशक को ज्ञापन दिया गया है। रवि आचार्य, प्रदेश सचिव, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ 9वीं से 12वीं कक्षा की समान परीक्षा की तैयारी पूरी है। एक-दो दिन में टाइम टेबल घोषित होने की उम्मीद है। डॉ.रामगोपाल शर्मा, डीईओ माध्यमिक