भास्कर संवाददाता | झुंझुनूं सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्यस्तरीय समान परीक्षा में इस बार 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक इनका आयोजन होगा। पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम होंगे। सुरक्षा कारणों से किसी भी स्थिति में निजी स्कूलों में प्रश्न-पत्र नहीं रखे जाएंगे। ये प्रश्न-पत्र संबंधित पीईओ, सीबीओ और पुलिस थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे। प्रश्न-पत्रों को प्राथमिकता के आधार पर पुलिस थानों में रखवाया जाएगा। स्कूलों में पेपर रखने पर 24 घंटे निगरानी के लिए कार्मिक तैनात होंगे। शिक्षा विभाग ने पेपर प्राप्त होने से पहले कलेक्टर की अध्यक्षता में जिलास्तरीय समिति की बैठक के निर्देश दिए है। इसके अलावा परीक्षा के दौरान पारदर्शी संचालन के लिए विशेष उड़नदस्तों का गठन कर केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। ब्लॉक व जिला स्तर पर रखे जाने वाले आरक्षित प्रश्न-पत्र भी पुलिस थानों में ही सुरक्षित रखे जाएंगे। झुंझुनूं | लोहारू-परवेजपुर मार्ग पर आरयूबी निर्माण कार्य के चलते 14 अक्टूबर को कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। रेलवे सीपीआरओ अमित सुदर्शन के मुताबिक ब्लॉक की वजह से 14 अक्टूबर को सीकर- रेवाड़ी ट्रेन का संचालन लोहारू तक होगा। दिल्ली सराय- सीकर ट्रेन 14 अक्टूबर को दिल्ली सराय से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग रेवाड़ी-रींगस-सीकर होकर संचालित होगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14709, हनुमानगढ़-जयपुर 14 अक्टूबर को हनुमानगढ़ से रवाना होकर परिवर्तित मार्ग सादुलपुर-चूरू-सीकर होकर जाएगी। झुंझुनूं | सीबीएसई की 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्राइवेट अभ्यर्थियों के 10वीं और 12वीं के परीक्षा फॉर्म गुरुवार से भरने प्रारंभ हो गए। सामान्य शुल्क के साथ आवेदन की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर तय की गई है। इसके बाद 24 से 30 अक्टूबर तक 2 हजार रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन होगा। 10वीं में 2026 के एसेंशियल रिपीट, कंपार्टमेंट और कुछ अन्य पात्र श्रेणियों के विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। वहीं 2026 में पास विद्यार्थी प्रदर्शन सुधार के लिए भी आवेदन कर सकते हैं। बोर्ड ने परीक्षा केंद्र की सिटी में बदलाव नहीं होने की जानकारी दी है।