हनुमानगढ़ में लंपी रोग के कारण पशु मेलों और पशुओं की खरीद-बिक्री पर लगी रोक हटाने की मांग उठी है। पशु व्यवसाय से जुड़े लोगों ने सोमवार को जिला कलेक्टर के जरिए राज्य सरकार को ज्ञापन भेजा। उन्होंने पशुपालन विभाग से लंपी रोग की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करवाने और विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार मेलों को फिर से शुरू करने की अनुमति देने की मांग की। व्यवसाय से जुड़े लोगों ने बताया कि रोक से पशुपालकों को पशुओं की खरीद-बिक्री में परेशानी हो रही है। इससे पशु व्यापारियों, मंडी संचालकों, मजदूरों और हजारों परिवारों की आजीविका पर असर पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि मेलों को दोबारा शुरू करते समय पशुओं की स्वास्थ्य जांच, बीमार पशुओं के प्रवेश पर रोक, पशु चिकित्सा प्रमाण-पत्र और नियमित साफ-सफाई जैसे नियम लागू किए जा सकते हैं।