SIR प्रक्रिया और चुनाव प्रणाली के मुद्दों को लेकर मंगलवार को हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदर्शन किया। जिलेभर से कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय में एकत्र हुए और जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर की अगुवाई में जिला कलक्ट्रेट तक मार्च निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। कांग्रेस ने SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता अधिकारों की रक्षा और चुनाव प्रणाली से जुड़े मुद्दों की जांच की मांग उठाई। देशभर में कांग्रेस SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदर्शन कर रही है। लोकतंत्र और वोट के अधिकार का मुद्दा प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि यह प्रदर्शन लोकतंत्र बचाने और लगातार हो रही वोट चोरी के विरोध में है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें लोकतंत्र को खत्म कर रही हैं। मक्कासर ने कहा कि मतदान का अधिकार आम व्यक्ति का सबसे बड़ा अधिकार है और इसकी रक्षा जरूरी है। निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना मक्कासर ने नगर निकाय चुनावों में भाजपा पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसका असर अगले पंचायती राज चुनावों में भाजपा को दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे। नारेबाजी के साथ जताया विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं ने SIR प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और मतदाता अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। ये पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद प्रदर्शन में पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, सुरेन्द्र मारवाल, प्रेमराज नायक सहित जिला कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।