हनुमानगढ़ में वाहन में तोड़फोड़ के पुराने विवाद को लेकर बदमाशों ने एक युवक की गाड़ी रोककर उस पर फायरिंग कर दी थी। आरोप है कि इस दौरान युवक ने जान बचाकर भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने दूसरी जगह रास्ता रोककर दोबारा फायरिंग की। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर इरफान खान सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार,लखुवाली हैड निवासी जुमेखां पुत्र मजदूर अली ने 18 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जुमेखां ने बताया कि करीब 4 महीने पहले इरफान खान पुत्र कालू खान निवासी ढाणी 11 आरपी लखुवाली हैड और मोहम्मद आसिम समेत कुछ अन्य लोगों ने उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की थी। इस संबंध में एक मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोपियों ने पिस्टल से फायर भी किया रिपोर्ट के मुताबिक, इसी पुरानी रंजिश के चलते 17 अगस्त को इरफान खान, आसिम, बब्बू ओड़ निवासी मुंडा, टोनी ताखर निवासी ताखरांवाली, सलीम वाल्मीकि निवासी नंदराम की ढाणी और शंकर वाल्मीकि सहित अन्य आरोपियों ने जुमेखां की गाड़ी के आगे आकर उसे रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपियों ने गाड़ी के शीशे पर लाठी से वार किया और पिस्टल से फायर भी किया। युवक अपनी जान बचाने के लिए लखुवाली गांव की ओर भागा, लेकिन तिराहे पर आरोपियों ने फिर से अपनी गाड़ी आगे लगाकर उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान उन्होंने जान से मारने की नीयत से दोबारा फायरिंग की। इस घटना के संबंध में पुलिस थाना हनुमानगढ़ टाउन में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाकाबंदी की और अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस ने आरोपी सद्दाम हुसैन पुत्र अब्दुल सलाम (26) निवासी वार्ड नंबर 09, नवा पुलिस थाना हनुमानगढ़ जंक्शन को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस हिस्ट्रीशीटर इरफान खान सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।