हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में पारदर्शिता लाने और जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के लिए रसद विभाग ने शहरी क्षेत्रों में घर-घर सत्यापन अभियान तेज किया है। विभाग की टीमें हनुमानगढ़ नगर परिषद, संगरिया, रावतसर और पीलीबंगा नगरपालिका क्षेत्रों में लाभार्थियों की योग्यता जांच रही हैं। अभियान के दौरान दल घरों पर पहुंचकर कागजात मिला रहे हैं। वे निवास की स्थिति और घर का आकार देखकर पात्रता की जांच कर रहे हैं। इसका उद्देश्य गलत तरीके से शामिल अपात्र परिवारों को पहचान कर सूची से हटाना है। जिला रसद अधिकारी सुनील कुमार घोड़ेला ने बताया कि यह अभियान पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए चलाया जा रहा है। प्रवर्तन अधिकारी बाबूलाल जानू और प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला व पुरुषोत्तम की टीम स्थानीय दुकानदारों के साथ मिलकर सर्वे कर रही है। जांच में अपात्र पाए जाने वालों से खुद नाम हटवाने की अपील की जा रही है। ऐसा न करने पर विभाग नियमानुसार नोटिस जारी कर नाम हटाने की कानूनी कार्रवाई करेगा। अधिकारी ने बताया कि अभियान का मकसद सिर्फ अपात्रों को हटाना नहीं, बल्कि योजना से छूटे असली पात्र परिवारों को भी जोड़ना है। इसके लिए सर्वे में पात्र परिवारों को चिह्नित कर उनके आवेदन मौके पर ही लिए जा रहे हैं, ताकि उन्हें जल्द योजना से जोड़ा जा सके।