हनुमानगढ़ पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक अवैध पिस्टल, पांच कारतूस और एक कार जब्त की गई। इस कार्रवाई में एजीटीएफ और डीएसटी टीम की खास भूमिका रही। जिला पुलिस अधीक्षक आदित्य ने बताया कि यह कार्रवाई हनुमानगढ़ से रावतसर रोही कोहला मेगा हाईवे पर हुई। गिरफ्तार आरोपी लुधियाना, पंजाब निवासी मनविंदर सिंह (45) पुत्र बलजीत सिंह जटसिख है। पुलिस अधीक्षक ने जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ और सट्टा जैसे अपराधों को रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद और वृत्ताधिकारी मीनाक्षी की देखरेख में थानाधिकारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने यह एक्शन लिया। टीम में उपनिरीक्षक कृष्णलाल, हेड काॅन्स्टेबल मुरारीलाल, काॅन्स्टेबल सुभाष चंद्र और लेखराज शामिल थे। आरोपी पर आर्म्स एक्ट की धारा 3/25(1-बी)(ए) के तहत केस दर्ज हुआ है। जांच उपनिरीक्षक सत्यनारायण कर रहे हैं।