हनुमानगढ़ में दूध सप्लाई कर लौट रहे टैंकर को रोककर उस पर हमला किया गया। सफेद रंग की हूटर लगी कार में सवार 5-6 लोगों ने तलवारों से हमला किया। उन्होंने परिचालक, हेल्पर और ड्राइवर को चोटें पहुंचाईं और 78 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए। जंक्शन थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जंक्शन के वार्ड नंबर 5 आरएचबी कॉलोनी निवासी सुरेश कुमार (52) पुत्र राममूर्ति ब्राह्मण ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। उन्होंने बताया कि उनका दूध टैंकर हनुमानगढ़ सरस डेयरी में हनुमानगढ़-गोगामेड़ी रूट पर चलता है। इस वाहन पर सतपाल पुत्र पप्पूराम परिचालक, रोहित हेल्पर और विजय ड्राइवर के तौर पर काम करता है। यह घटना 18 सितंबर को हुई, जब टैंकर गोगामेड़ी में दूध सप्लाई करने के बाद जंक्शन लौट रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक दोपहर करीब 2 से 2.15 बजे टाउन-जंक्शन रोड पर यह घटना हुई। जब दूध वाहन पुल पार कर जंक्शन की तरफ आ रहा था, तभी पीछे से एक सफेद रंग की हूटर लगी कार आई। कार में 5-6 लोग सवार थे। उन्होंने दूध वाहन के आगे अपनी कार लगाकर उसे रुकवा लिया। इसके बाद सतपाल, रोहित और विजय को नीचे उतार लिया गया। ओवरटेक करने की बात पर विवाद शुरू हुआ और आरोपियों ने तीनों पर तलवारों से हमला कर दिया। इस हमले में परिचालक सतपाल के बाएं हाथ पर तलवार लगने से गंभीर चोट आई। रोहित और विजय के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें भी चोटें लगीं। हमलावरों ने दूध वाहन के विंडस्क्रीन ग्लास और खिड़कियां भी तलवार मारकर तोड़ दीं। परिवादी ने आरोप लगाया है कि हमलावर दूध कलेक्शन के 78 हजार रुपए छीनकर ले गए। उन्होंने कहा कि घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपियों की पहचान हो सकती है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक लालचंद को सौंपी गई है।