हनुमानगढ़ में निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल के खिलाफ 2 अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज हुई है। इसके विरोध में शनिवार को उनके समर्थकों ने जंक्शन पुलिस थाने का घेराव किया। इससे पहले बड़ी संख्या में समर्थक अग्रसेन भवन में जमा हुए, जहां एक सभा हुई। ग्रामीण इलाकों से भी कई लोग इसमें शामिल हुए। सभा में वक्ताओं ने विधायक के खिलाफ दर्ज मामलों को राजनीति से जुड़ा बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की। सभा के बाद पैदल ही जंक्शन थाने पर पहुंचे उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन का गलत इस्तेमाल कर विधायक समर्थकों और पार्षदों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर अलग-अलग विभागों से कार्रवाई कर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। वक्ताओं ने नगर निकाय चुनाव में मिले जनादेश का सम्मान करने की भी मांग की। सभा के बाद रणनीति बनाने वाले अमित माहेश्वरी के नेतृत्व में समर्थक पैदल और वाहनों से जंक्शन थाने पहुंचे। थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी हुई और भीड़ के कारण सड़क पर जाम लग गया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने थाने के बाहर बैरिकेडिंग कर सुरक्षा बढ़ा दी। आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी वक्ताओं ने कहा कि विधायक समर्थकों पर कार्रवाई कर दबाव बनाने की कोशिश हो रही है, लेकिन वे पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर शहर में किसी तरह की मनमानी हुई, तो अगले पंचायतीराज चुनाव में भाजपा का विरोध किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इसी बीच एसडीएम रवि कुमार और डीएसपी मीनाक्षी सहारण धरनास्थल पर पहुंचे और समर्थकों से बात की। डीएसपी ने नगर परिषद सभापति और उपसभापति चुनाव निष्पक्ष तरीके से करवाने का भरोसा दिया। बातचीत सफल होने के बाद समर्थकों ने थाना घेराव खत्म कर दिया।