हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार 2 बदमाश सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। यह घटना सनसिटी के आगे नर्सरी के पास सुबह करीब 6.50 बजे हुई। पीड़ित महिला के पति निरंजन देव (51) निवासी वार्ड नंबर 38, पंवार नगर ने बताया कि 26 सितंबर की सुबह टिब्बी रोड से घर लौटते समय काले रंग की बाइक पर आए 2 बदमाशों ने उनकी पत्नी के गले से करीब डेढ़ तोला सोने की चेन तोड़ ली। निरंजन देव ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे तेज गति से बाइक भगाकर निकल गए। वे बाइक का नंबर नहीं देख पाए। उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की। टाउन पुलिस ने रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर सहायक उपनिरीक्षक उम्मेदाराम को जांच सौंपी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सबूतों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।