हनुमानगढ़ जंक्शन में अबोहर मार्ग स्थित जिला परिवहन अधिकारी कार्यालय के पास बनी न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी इन दिनों चोरी की लगातार हो रही वारदातों और बदहाल सफाई व्यवस्था के कारण परेशानी का सामना कर रही है। कॉलोनी में सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं। बुधवार को कॉलोनीवासियों ने सुरेशिया चौकी प्रभारी विजेन्द्र नेहरा से मुलाकात कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। 15 दिन में कई चोरियां हुई कॉलोनीवासी सुरेन्द्र सिल्लू ने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं। मंगलवार को दिनदहाड़े सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दो घरों के ताले टूट गए। इससे पहले सोमवार को भी एक घर में चोरी की वारदात हुई थी। चोरी की घटनाओं को लेकर कई बार पुलिस प्रशासन को लिखित में अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष है। सुरेन्द्र सिल्लू ने बताया कि बुधवार को कॉलोनीवासी चोरी की वारदातों के संबंध में सुरेशिया पुलिस चौकी पहुंचे थे। इसी दौरान पीछे से सूचना मिली कि चोर दोबारा कॉलोनी में चोरी करने पहुंचे हैं। इस पर लोग मौके पर पहुंचे और एक संदिग्ध को पकड़ लिया, लेकिन वह लोगों को चकमा देकर वहां से भागने में सफल रहा। इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग और तेज कर दी। हजारों फ्लैट, कई खाली, झाड़ियों से जहरीले जीवों का खतरा कॉलोनीवासी राकेश झाझड़ा ने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में करीब 500 स्वतंत्र आवास और करीब 3 हजार फ्लैट बने हुए हैं। इनमें कई फ्लैट और मकान खाली पड़े हैं और उनकी लंबे समय से सार-संभाल नहीं हो रही। खाली मकानों और फ्लैटों में झाड़-झंखाड़ उग गया है, जिससे जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है। कई बार ये जीव लोगों के घरों में घुस जाते हैं। नियमित सफाई और नालियों की सफाई नहीं कॉलोनीवासी भगवती प्रसाद ने बताया कि न्यू हाउसिंग बोर्ड का क्षेत्र शहर के अन्य हिस्सों से अलग होने के कारण यहां नगर परिषद की ओर से नियमित सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाई जा रही हैं। क्षेत्र में पुलिस गश्त भी नहीं होती। नालियों की सफाई के लिए भी कोई कर्मचारी नियमित रूप से नहीं आता। नगर परिषद की ओर से यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ा जाता है कि क्षेत्र उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता।