हनुमानगढ़ में पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में खेल कार्यक्रम आयोजित किए। इसमें 5 किलोमीटर की मैराथन दौड़ और वॉलीबॉल प्रतियोगिता शामिल थी। एसपी बी. आदित्य ने राजीव गांधी स्टेडियम से मैराथन को हरी झंडी दिखाई। यह दौड़ करणी चौक, तिलक सर्किल, सर्किट हाउस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जिला परिषद से होते हुए स्टेडियम पर खत्म हुई। मैराथन का मकसद पुलिसकर्मियों, युवाओं और आम लोगों को शारीरिक फिटनेस के लिए जागरूक करना था। पुलिस लाइन में वॉलीबॉल प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें पुलिसकर्मियों और दूसरे लोगों ने हिस्सा लिया। एसपी बी. आदित्य ने बताया कि इन आयोजनों से युवाओं को फिटनेस, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। उन्होंने सरदार पटेल के जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेने की बात भी कही।