केंद्रीय विद्यालय संगठन की तरफ से आगरा में हुई राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में पीएम श्री केंद्रीय स्कूल हनुमानगढ़ के तीन छात्रों ने जूडो में अच्छा प्रदर्शन किया। इन छात्रों ने दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपने स्कूल का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में स्कूल के कक्षा 12-बी के छात्र युगांक और कक्षा 11-बी के मोहित यादव ने रजत पदक जीता। वहीं, कक्षा 12-ए की नव्या विश्नोई ने कांस्य पदक जीतकर अपनी काबिलियत दिखाई। तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर स्कूल प्रिंसिपल रामचंद्र देहाड़ू ने उन्हें बधाई दी और उनके अच्छे भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह सफलता स्कूल में खेलकूद को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित करने और उन्हें जरूरी सुविधाएं व अच्छा माहौल देने की कोशिशों का नतीजा है। प्राचार्य ने खिलाड़ियों की लगन, अनुशासन और कड़ी मेहनत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां विद्यालय में खेलों के माहौल को मजबूत करती हैं और दूसरे छात्रों को भी खेलों के लिए प्रेरणा देती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के पीटी टीचर राजेश कुमार ने प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास और खेल तकनीक से जुड़ी जरूरी जानकारी दी। उनके मार्गदर्शन से छात्रों को प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी करने में मदद मिली।