हनुमानगढ़ में 'विकसित भारत जन सेवा अभियान' के तहत रक्तदान शिविर लगाए जा रहे हैं। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसी कड़ी में 1 अक्टूबर को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर आम लोगों ने रक्तदान किया। जिले के एमजीएम जिला अस्पताल हनुमानगढ़ टाउन और उपजिला अस्पताल भादरा में शिविर लगे। इन शिविरों में कई लोगों ने रक्तदान करने की ऑनलाइन शपथ भी ली। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि भादरा अस्पताल में 36 यूनिट और एमजीएम जिला अस्पताल में 7 यूनिट रक्त जमा हुआ। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में अब तक कुल 1101 यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका है।