जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम 5 बजे भारत नगर कच्ची बस्ती के पास पहाड़ी इलाके में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। मामला नींदड़ मोड़ के पास का है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने सबूत जुटाए हैं। मृतक के पास से एक फोन बरामद हुआ है, जो फ्लाइट मोड पर था। साथ ही उसके पर्स से आधार कार्ड मिला है। आधार कार्ड से मृतक की पहचान विराट नगर निवासी नीरज जांगिड़ (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर सूचना दी है। परिजनों के आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम होगा। लोगों ने पेड़ से लटका देखा शव हरमाड़ा थाना एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया- शुक्रवार शाम करीब 5 बजे भारत नगर कच्ची बस्ती के पास पहाड़ी क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने पेड़ से लटका युवक का शव देखा। इसके बाद पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना दी गई। घटना की जानकारी फैलने के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया। कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया शव पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मृतक की पहचान से जुड़े तथ्यों और घटना के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकेंगे।