शिक्षा विभाग द्वारा मां भागवती उमावि की ओर से खेली जा रही राज्य स्तरीय 17 वर्षीय फुटबॉल प्रतियोगिता में मंगलवार को शहीद खेल मैदान पर मेजबान धौलपुर ने झालावाड़ को 8-0 गोल के अन्तर से हराया। मंगलवार को मैचों का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी सुक्खो देवी, संयोजक अरविन्द शर्मा, प्रीति शर्मा, उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद बृजेंद्र सिंह एवं चोब सिंह प्रतियोगिता पर्यवेक्षक राधेश्याम वर्मा आदि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। खिलाड़ियों को सं‍बोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सुक्खो देवी ने खिलाड़ियों को अनुशासन के साथ उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर राज्य एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता संयोजक अरविन्द शर्मा ने बताया कि प्रदेश भर के खिलाड़ियों के लिए उत्तम आवास एवं भोजन की व्यवस्था का ध्यान रखा गया है। प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राकेश परमार, मनोज शर्मा, परमजीत सिंह, नरेंद्र शर्मा, ब्रजवासी, हरिमोहन शर्मा, राजेंद्र राना, यादवेंद्र सिंह, चंद्रभान चौधरी, रश्मि राव, सुष्मिता मिश्रा, अशोक मीना, जाकिर हुसैन, विमल शर्मा आदि मौजूद रहे। उप जिला शिक्षा अधिकारी खेलकूद बृजेंद्र सिंह ने बताया कि मेजबान धौलपुर ने झालावाड़ को 8-0 गोल के अन्तर से हराया। इसी प्रकार बीकानेर ने टोंक को 3-2 से, बाड़मेर ने सिरोही को 5-0 से, हनुमानगढ़ ने डूंगरपुर को 6-0 के अन्तर से हराया। प्रतापगढ़ ने फलोदी को 3-0 से, सलूंबर ने नागौर को 4-0 से, जयपुर ने बांसवाड़ा को 7-1 से, सार्दुल स्पोर्ट्स बीकानेर ने ब्यावर को 4-2 से, खैरथल ने जालौर को 4-1 से, सवाईमाधोपुर ने जैसलमेर को 3-1 से, अलवर ने भीलवाड़ा को 5-2 से, बारां ने जोधपुर को 1-0 गोल के अन्तर से हराया।